बलिया में यूपी बिहार की सीमा पर जारी है वसूली, खनन विभाग ने 8 पर कराया मुकदमा, एक गिरफ्तार
बलिया में यूपी बिहार की सीमा पर जारी है वसूली, खनन विभाग ने 8 पर कराया मुकदमा, एक गिरफ्तार
सभी दलाल पुलिस के चहेते, पन्नेलाल प्रकरण में भी थे जो फिर हुए सक्रिय
बलिया। नरहीं थाना क्षेत्र के यूपी-बिहार सीमा पर ट्रकों से वसूली का खेल बदस्तूर जारी है। प्रति ट्रक से सीमा पार कराने के लिए 800 से 1000 रुपये तक की वसूली दलाल करते हैं। इस रास्ते रोजाना एक हजार से अधिक खासकर लाल बालू लदी ट्रकें बिना टैक्स अदा किए यूपी की सीमा में पहुंचते हैं। यह खेल पुलिस की मिलीभगत से होता है। इसकी पोल खनन विभाग ने खोली है। अवैध खनिज परिवहन एवं सरकारी राजस्व की चोरी के आरोप में खनन अधिकारी सौरभ कुमार की तहरीर पर गिरोह के आठ सदस्यों के विरुद्ध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
बताया जाता है कि बिहार के कोइलवर से लाल बालू लादकर यूपी में प्रवेश करने वाले अधिकतर ट्रक आईएसटीपी (अंतरराज्यीय परिवहन प्रपत्र) शुल्क जमा नहीं करते हैं। भरौली सीमा स्थित खनन विभाग के चेकपोस्ट पर एआई कैमरे से बचने के लिए ट्रक चालक नंबर प्लेट को किसी कपड़े से ढक कर प्रवेश करते हैं। बीत माह जांच के दौरान खनन अधिकारी ने बिना शुल्क जमा किए नंबर प्लेट को कपड़े से ढक कर आने वाले 32 ट्रकों को पकड़ा और सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। उसके बाद से पांच सदस्यीय टीम लगातार जांच कर रही थी। जांच को देखते हुए बालू लदे ट्रक बिहार के बक्सर में खड़े होने लगे। अधिकारियों के हटने के बाद
सक्रिय दलाल लाल बालू लदे ट्रक चालकों को खनन सहित अन्य जांच अधिकारियों की लोकेशन देकर सीमा पार करवाते थे। जिससे रोजाना लाखों की राजस्व चोरी होती थी।
जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि चेकपोस्ट पर जांच के लिए एक ट्रक को रोका गया तो चालक ने बताया कि कुछ बिचौलिये बराबर सूचना देकर ट्रक पास कराते हैं। कुछ देर में चेकपोस्ट के पास एक व्यक्ति कार से बार-बार आते-जाते दिखाई दिया। अनजान बनकर उस व्यक्ति से एक गाड़ी पास कराने की बात की गई। व्यक्ति ने अपना नाम धर्मेश निवासी बक्सर(बिहार) बताया।
धर्मेश के अनुसार उसका मुख्य कार्य प्रवर्तन अधिकारियों की लोकेशन देना है, जिससे खनिज लदे वाहनों को बिना अंतरराज्यीय पारगमन पास के सीमा पार कराया जा सके। इस कार्य के लिए गिरोह द्वारा 800 रुपये प्रति ट्रक लिया जाता है। धर्मेश ने यह भी बताया कि इस रास्ते से प्रतिदिन लगभग 1500 से ज्यादा ट्रक गुजरते हैं। इस तरह राज्य सरकार को प्रति महीने करीब सात करोड़ के राजस्व की क्षति हो रही है। खनन अधिकारी की तहरीर पर नरही पुलिस ने संगठित अपराध के सदस्य नंदलाल यादव (मुख्य साजिशकर्ता), निवासी भरौली, निशांत यादव, शमशेर, तोता, नेता खान, राज समेत कुल आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है।
