बलिया के पलिया खास गांव के पास मजदूरों से मारपीट, छह घायल
बलिया के पलिया खास गांव के पास मजदूरों से मारपीट, छह घायल
बलिया। नरही थाना क्षेत्र के बड़का खेत उर्फ पलिया खास गांव के पास शुक्रवार की शाम ट्रैक्टर ट्राली में सवार मजदूरों पर बालू फेंकने और छींटाकशी को लेकर गाली गलौज करने के बाद जमकर मारपीट हो गई।
इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। एक किशोर की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। यह मजदूर दियारा में परवल की लत्ती की बुआई कर ट्रैक्टर से घर वापस लौट रहे थे जो अधिकांश पिपरा कला गांव के थे। घटना की जानकारी होने पर सीएचसी नरहीं पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
बता दें कि नरहीं थाना क्षेत्र के दियारा में बड़े पैमाने पर परवल की खेती की होती है। परवल की लत्ती रोपाई के लिए मजदूरों को लेकर किसान दियारा में जाते हैं और शाम को वापस लौटते हैं। शुक्रवार को सायं करीब सात बजे दियारा में परवल की लत्ती रोपाई कर मजदूर ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर लक्ष्मणपुर चौराहे पर आ रहे थे। इस बीच ट्रैक्टर का तेल खत्म हो गया। सभी मजदूर ट्राली में थे कि कुछ युवकों ने मजदूरों पर बालू फेंक दिया इसके बाद गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई जिसमें बड़का खेत उर्फ पलिया खास गांव निवासी गोलू यादव 14 पुत्र अनग्राहित, नरहीं गांव निवासी छोटू राजभर 16 पुत्र सुबा राजभर, पिपरा कलां गांव निवासी सलोनी 17 पुत्री धर्मेंद्र राजभर, प्रियांशु 15 पुत्री गौरीशंकर, खुशी 15 पुत्री राजपति राजभर व शिवराती 40 घायल हो गए। छोटू राजभर को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। इस घटना के बाद भारी संख्या में अस्पताल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। मौके पर पिपरा कलां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय सिंह बागी, नरहीं थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह एसआई राजू राय भी मौजूद रहे। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
