बलिया: एसिड अटैक से हुई मौत कांड में प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार

बलिया : एसिड अटैक से हुई मौत कांड में प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार
बलिया। बांसडीह कोतवाली पुलिस ने हुसेनाबाद में हुए एसिड अटैक मामले में मृतक राजकुमार की प्रेमिका और उसके भाई चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
बता दें कि बीते गुरुवार की रात प्रेमिका के भाई ने अपनी बहन के प्रेमी राजकुमार को फोन से खेवसर गांव के पेवन के ढाला पर बुलाया था। इसके बाद आरोपियों ने उसे मारपीट कर उसके चेहरे शरीर पर एसिड फेंक दिया था। घटना में गंभीर रूप से झुलसे राजकुमार की मंगलवार रात बलिया के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने राजकुमार की दादी लहासु देवी की तहरीर पर शुक्रवार को ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि राजकुमार मेरी बहन से शादी करने का दबाव बना रहा था जिससे वह नाराज था। कई बार मना करने के बाद भी मृतक बहन को परेशान कर रहा था। बहन ने भी कई बार समझाने का प्रयास किया था। आरोपी का कहना था कि उसका मकसद राजकुमार को डराना था। इस बाबत कोतवाल राकेश उपाध्याय ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। घटना में प्रयोग हुए ज्वलनशील पदार्थ की पहचान के लिए मृतक के कपड़ों की फोरेंसिक जांच की जाएगी।
