बलिया में बाढ़, प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

बलिया में बाढ़, प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
डीएम ने बाढ़ राहत केन्द्र का लिया जायजा
बलिया। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु और डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित महावीर घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं बाढ़ विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ ही प्रभावित लोगों को विश्वास दिलाया कि आपदा के इस घड़ी में पीड़ितों को सारी सहायता सुविधा समय से मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को तत्काल राहत मुहैया कराए जाने को लेकर सरकार दृढ़ संकल्प है। हमारी सरकार गृह अनुदान से लगातार राहत सामग्री का तत्काल वितरण कर रही है जिससे आपदा काल में पीड़ितों की पीड़ा कम हो सके। उन्होंने बालेश्वर घाट शनिचरी मन्दिर पर बाढ़ पीड़ितों को बाढ़ राहत सामग्री का भी वितरण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी रहे। उधर, डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूछा कि लंच का पैकेट कितने बजे तक बाढ़ पीड़ित परिवारों को भेजा जा रहा है। वहां पर जानकारी मिली कि खाना दो बजे भेजा जाता है जिस पर कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि किसी भी हाल में नाश्ता सुबह 8 बजे तक, दिन का खाना दोपहर 12 बजे एवं शाम का खाना 7 बजे तक बाढ़ पीड़ित परिवारों को दे दिया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी पीड़ित परिवार भूखा न रहे। कहा कि खाना की सामग्री एवं राहत किट की कोई कमी नहीं है। अगर आप वहां पर जाकर बांट रहे हैं तो आपदा से पीड़ित कोई गरीब हो उसे भी राहत पैकेट दिया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खुद खाना खाकर चेक किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाना साफ सफाई और स्वादिष्ट हो साथ ही खाना खुद भी चेक करें तब वितरण करें। खाना की गुणवत्ता अच्छी हो यह सुनिश्चित करने को कहा। राहत किट वितरण करने के लिए पहले से सूची तैयार करें, कोई भी आपदा से पीड़ित परिवार छूटने ना पाए। निरीक्षण में सीडीओ ओजस्वी राज एवं अन्य अधिकारी रहे।
बाढ़ की जानकारी इन नंबरों पर दें
बलिया। सीडीओ ओजस्वी राज ने अनुरोध किया है कि बाढ़ से संबंधित कोई भी टोल फ्री नंबर 1077 पर जानकारी दे सकता है। इसके अलावा फोन नंबर 05498220832, 05498220235 या मोबाइल नंबर 9454417979 पर सूचना दे सकते हैं।
———–
कटान से चार पक्का व 20 कच्चा घर गिरे
बलिया। बाढ़ से नगर पंचायत अंतर्गत ग्राम मुहम्मदपुर में 4 पक्का, 20 कच्चा/झोपडी कटान के कारण और 2 झोपडी अतिवृष्टि के कारण गिरी है।राहत टीम सभी का बैंक खाता ले रही है और 24 घंटे के अंदर धनराशि खाते में पहुंचेगी।
