बलिया में गंगा ने किया लाल निशान पार, तटवर्ती इलाकों के लोग भयभीत

बलिया में गंगा ने किया लाल निशान पार, तटवर्ती इलाकों के लोग भयभीत
बलिया । गंगा का जलस्तर मंगलवार की शाम लाल निशान पार कर गया। नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। गंगा नदी का जलस्तर बीते एक सप्ताह से बढ़ रहा है। मंगलवार की शाम चार बजे गंगा ने खतरा विन्दु 57.615 मीटर को पार कर तटवर्ती इलाकों में खतरे की घंटी बजा दी। केंद्रीय जल आयोग ने गायघाट गेज पर मंगलवार की शाम 4 बजे गंगा का जलस्तर 57.670 मीटर रिकार्ड किया गया। साथ ही 2 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। यहां हाई लेबल 58.615 मीटर है। बाढ़ विभाग एनएच-31 को बचाने के लिए हुकुम छपरा में फ्लड फाइटिंग के तहत प्लास्टिक की बोरी में मिट्टी भरकर नदी में डाल रहा है। जलस्तर में गिरावट नहीं हुई तो अगले 24 घंटे के अंदर गांवों के निचले हिस्से में पानी फैल जाएगा। तटवर्ती गांवों के लोग सुरक्षित ठौर तलाशने में जुट गए हैं।सोनार टोला, सुघर छपरा, दूबे छपरा, गोपालपुर, उदई छपरा, नौरंगा, भुआल छपरा, चक्की उपाध्याय टोला, सतीघाट, भुसौला समत दर्जनों गांवों का अस्तित्व संकट में पड़ सकता है। गंगा की धाराओं से रोज कुछ न कुछ उपजाऊ भूमि गंगा नदी में विलीन हो रही है। बाढ़ विभाग बम्बूक्रेट विधि से बस्तियों को बचाने का प्रयास कर रहा है। सुघर छपरा, दूबे छपरा, गोपालपुर, उदई छपरा आदि गांवों के लोग भी गंगा नदी का तल्ख तेवर देख भयभीत हैं।
