बलिया में दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर नदी में शव प्रवाहित करने का आरोप, पति गिरफ्तार
बलिया में दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर नदी में शव प्रवाहित करने का आरोप, पति गिरफ्तार
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवरा गांव में रविवार की देर रात दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को सरयू नदी में प्रवाहित करने का आरोप पति पर लगाया है। मृतका के पिता की तहरीर पर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर कार्रवाई में जुट गई है। वहीं मृतका के शव की पुलिस नदी में नाविकों व ग्रामीणों संग तलाश कर रही है।
बिहार प्रांत के छपरा जनपद के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अन्तर्गत वार्ड नम्बर-एक अजायबगंज निवासी सत्येंद्र सिंह की पुत्री ज्योति की शादी वर्ष 2016 में केवरा गांव निवासी संजय सिंह के साथ हुई थी। सत्येंद्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि संजय सिंह ने अपने मित्रों के सहयोग से ज्योति की रविवार की देर रात जहर देकर हत्या कर दी और शव गायब कर दिया है। रिश्तेदार से सूचना मिलने के बाद मैं बलिया आया हूं। उल्लेख किया है कि शादी के बाद से ही कम दहेज मिलने को लेकर पति संजय मेरी बेटी ज्योति को मारता पीटता था। कई बार गांव में पंचायत भी हुआ, लेकिन उसके बाद भी संजय बेटी को प्रताड़ित करता रहा। संजय हमेशा बेटी ज्योति से मोबाइल से फोन करवाकर दो लाख रुपए की मांग करता था। मेरी बेटी प्रताड़ना की बातें बताती थी। दस दिनों पूर्व ही संजय ज्योति को छपरा से विदाई कराकर केवरा गांव ले आया था। ज्योति को सात वर्ष की बेटी एंजल व तीन वर्ष का बेटा सूर्यांश हैं। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अनिल कुमार झा ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर मामले की पड़ताल की जा रही है। वहीं पति की निशानदेही पर नदी में ज्योति के शव की तलाश हो रही है।
