बलिया में घायल युवती मामले में पुलिस ने 10 घंटे बाद मामूली धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

0

बलिया में घायल युवती मामले में पुलिस ने 10 घंटे बाद मामूली धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

गड़वार थाना पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी

बलिया। जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के थुम्मा उत्तम गांव में शनिवार की सुबह 8 बजे जमीनी विवाद को लेकर दो पट्टीदार आमने-सामने हो गए। इसमें कुछ लोगों ने गोल बंद होकर एक युवती को मारपीट कर पूरी तरह घायल कर दिया था। युवती घायल अवस्था में व परिजनों के साथ गड़वार थाने पर गई लेकिन वहां किसी ने कोई फरियाद नहीं सुनी। इसके बाद परिजन घायल युवती को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां भी करीब दो घंटे इंतजार के बावजूद एसपी ने कोई सुनवाई नहीं की। युवती गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में गड़वार पुलिस ने 10 घंटे बाद मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोरम पूरा कर लिया। सूत्रों की मानें तो गड़वार पुलिस आरोपियों को बचाने मे जुटी है।
बताया जाता है कि गड़वार थाना क्षेत्र के थुम्मा उत्तम गांव में रामाश्रय वर्मा वह पट्टीदार उमाशंकर वर्मा के बीच जमीन को लेकर विवाद है। यह मामला कई बार थाने पर भी पहुंच चुका है। शनिवार को विवादित जमीन पर उमाशंकर वर्मा पक्ष के लोग अचानक निर्माण शुरू कर दिए। इसको लेकर दोनों पक्ष में पहले कहा सुनी हुई। इसी बीच रामाश्रय वर्मा की पुत्री अंजली वर्मा जब मना करने गई तो उमाशंकर वर्मा के पुत्र व उनके साथ मौके पर आए कई बाहरी लोगों अचानक अंजली पर हमला कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद परिजन घायल अंजली को लेकर थाने पहुंचे और शिकायती पत्र दिया। अंजली वर्मा का आरोप है कि करीब एक घंटे तक थाने पर बैठाए रखा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई यहां तक कि एक एसआई ने थाने से ही भगा दिया और कहा कि पहले जाकर इलाज कराओ। इसके बाद परिजन घायल अंजली को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे यहां शिकायती पत्र भी भेजवाया लेकिन करीब दो घंटे तक परिजन बैठे रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी बीच अंजली की तबियत खराब होने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है। जब मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो गड़वार पुलिस मे 10 घंटे बाद मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया ताकि आरोपियों की गिरफ्तारी न हो और जमानत भी आसानी से मिल सके। सूत्रों की मानें तो पुलिस पर ‘ पॉवर ‘ का असर है या फिर विवादित जमीन को लेकर बड़ी डील।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *