बलिया में फिर दो आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की नियुक्ति सीडीओ ने किया निरस्त

बलिया में फिर दो आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की नियुक्ति सीडीओ ने किया निरस्त
– तथ्यों को छिपा व फर्जी प्रमाणपत्र के सहारे नियुक्ति का मामला
– सीडीओ पहले भी तीन आंगनबाड़ी की नियुक्ति कर चुके हैं रद्द
बलिया। जिले के दो अलग-अलग परियोजनाओं में चयनित दो आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की
नियुक्ति को सीडीओ ओजस्वी राज ने निरस्त कर दिया है। सीडीओ ने दोनों
कार्यकर्त्रियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश संबंधित सीडीपीओ को दिया है। इसके पूर्व भी सीडीओ की ओर से दो परियोजनाओं के तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की नियुक्ति निरस्त किया जा चुका है।
बाल विकास परियोजना मनियर की ग्राम पंचायत छितौनी की आंगनबाड़ी कार्यकत्री अन्नू शर्मा पत्नी राजकुमार शर्मा की नियुक्ति के बाबत शिकायत मिली कि उक्त केंद्र पर इनकी माता आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत हैं, जो नियमानुसार अनुमन्य नहीं है। शिकायत की जांच मनियर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से कराई गई जिसमें आरोप सही मिला। तथ्यों को छिपा कर कराई गई नियुक्ति को सीडीओ ने निरस्त करते हुए इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश सीडीपीओ मनियर को दिया है।
उधर, बाल विकास परियोजना नगरा के ढेकवारी ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री ज्ञानती देवी पत्नी राजन कुमार के खिलाफ शिकायत मिली की उन्होंने अपनी आयु छिपाने के लिए फर्जी हाईस्कूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर नियुक्ति कराई है। जांच में इस बात की पुष्टि होने पर सीडीओ ने नियुक्ति को निरस्त करते हुए इनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश सीडीपीओ नगरा को दिया है।
———-
बलिया। जिले के विभिन्न परियोजनाओं में रिक्त आंगनबाड़ी
कार्यकर्त्री व सहायिकाओं के पदों पर बीते माह नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी की गई। करीब तीन सप्ताह पहले बाल विकास परियोजना बेलहरी के केंद्र रेपुरा के आंगनबाड़ी गुड़िया पत्नी मनीष कुमार एवं बजरहा केंद्र की अमृता दुबे पत्नी आलोक कुमार दुबे के खिलाफ बीपीएल प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा की शिकायत सामने आई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों की नियुक्ति को सीडीओ ने निरस्त करते हुए इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने व संबंधित लेखपाल दिव्यांशु कुमार यादव के खिलाफ अनुशासनात्क व विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद दो सप्ताह पहले बाल विकास परियोजना नगरा के जहांगीरपुरा वार्ड संख्या-3 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद पर नियुक्ति में आवेदन करते समय फर्जी बीपीएल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की शिकायत सामने आई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर सीडीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जयश्री पत्नी राजीव मोहन यादव की नियुक्ति निरस्त करते हुए इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने व संबंधित लेखपाल के खिलाफ प्रशासनिक व विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
————–
