बलिया में गांजा तस्कर व पुलिस का गठजोड़, एसओजी सिपाही समेत चार सस्पेंड
बलिया में गांजा तस्कर व पुलिस का गठजोड़, एसओजी सिपाही समेत चार सस्पेंड
नरही थाना क्षेत्र गांजा तस्करों के लिए सेफ जोन, मिलता है मोटा चढ़ावा
बलिया। जिले में गांजा तस्करों व पुलिस का गठजोड़ सामने आया है।
एसपी ओमवीर सिंह ने गांजा तस्करों से संबंध रखने के आरोप में एसओजी के सिपाही समेत चार पुलिसकर्मियोंसे को सस्पेंड किया है। साथ ही मामले की जांच एएसपी को दी है। लेकिन नरही थाना क्षेत्र में गांजा बिक्री के वायरल वीडीओ का मामला ठंडे बस्ते में है। नरही थाना क्षेत्र में भांग के लाईसेंसी पुलिस को मोटी रकम देकर खुलेआम गांजा बेचते हैं। सूत्र बताते हैं थाने को हर महीने तीन लाख से अधिक चढ़ावा मिलता है। इसमें सबसे अधिक प्रांतीय सीमावर्ती भरौली चौराहा के पास संचालित अवैध भांग की दुकान पर गांजा बिक्री दुकान से मिलता है।
बांसडीह कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों दो गांजा तस्करों को पकड़ा था। उनके पास तीन किग्रा से अधिक गांजा मिला था। पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में कुछ पुलिसकर्मियों पर बिहार से गांजा लाकर बेचने की एवज में पैसा लेने की जानकारी सीओ बांसडीह प्रभात कुमार को दी थी। उन्होंने पूरे मामले से एसपी को अवगत कराया। एसपी ओमवीर सिंह ने मामले की जांच करवाने के बाद एसओजी में तैनात सिपाही विश्वविजय सिंह, बांसडीह रोड थाने पर तैनात दीवान चंद्रशेखर यादव, नगर कोतवाली में तैनात सिपाही मनीष शुक्ल व शहर के सतनी सराय पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही सुनील कुमार को निलंबित कर दिया। बता दें कि जिले के कई क्षेत्रों में गांजे की तस्करी चरम पर है। इसकी शिकायत मिलती रहती है। अधिकांश लाईसेंसी भांग की दुकानों गांजा की बिक्री होती है। इसके एवज में पुलिस को हर महीने मोटा चढ़ावा मिलता है। करीब एक माह पहले नरहीं थाना क्षेत्र के भरौली में गांजा बेचने का वीडियो वायरल हुआ था। यह भी बताया जाता है कि दुकान का संचालनए बिहार के बक्सर जिले के गांजा के लिए कुख्यात बलिहार निवासी करता है। इस संचालक पर नरही थाना की कृपा बरसती है।
