बलिया के दो स्थानों पर लगी आग, दर्जनों झोपड़ियां राख

बलिया के दो स्थानों पर लगी आग, दर्जनों झोपड़ियां राख
चार भैंस व 15 बकरियां मरी
बलिया। फेफना गांव के राजभर बस्ती में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में दर्जनों झोपड़ी सहित घर गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो गया। इस घटना में चार भैंस व 15 बकरियां जलकर मर गई। जबकि एक भैंस गम्भीर रुप से झुलस गई। उधर, अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके साथ ही फेफना थाने की फोर्स एवं पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंच पीड़ित परिवारो का हाल-चाल जाना एवं अधिकारियों से हर संभव सहायता देने का अपील की।
बताया जाता है कि शनिवार को दोपहर में फेफना के राजभर बस्ती में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाल्टी में पानी लेकर आग के तरफ दौड़े। लेकिन विकराल रूप होने के कारण काबू नहीं पाया जा सका।
झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडरों के विस्फोट से आसपास की झोपड़ियों सहित पक्का के मकानों को भी चपेट में ले लिया। सूचना पकर मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के दो टीमों के घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसमें सरल, भीम, श्रीराम, सोमारू, मुकेश, चेतन, मुन्ना, जुगुल, भोला, बुद्धू, अमावस, रामजी के आशियाना सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा सरल की दस बकरी, दो भैंस और अमावस के पांच बकरी और दो भैंस सहित सभी के घरों में रखे गेहूं, मसूरी जलकर राख हो गई। वही, एक भैंस आग के चपेट में आकर झुलस गई जिसका इलाज चल रहा है।

उधर, सहतवार थाना क्षेत्र के मुड़ाडीह गांव में शनिवार की सुबह शार्ट सर्किट से राजभर बस्ती में लगी आग से आठ परिवारों की 22 झोपड़ियां जलकर राख हो गयी। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि शनिवार को सुरेश राजभर का परिवार आराम कर रहा था। इसी बीच बिजली के तार में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें
सुरेश की चार झोपड़ियां जलने के बाद आग ने पड़ोस की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग में कामेश्वर राजभर, शिवकुमार राजभर, मनजी राजभर , गुड्डू राजभर, ललन राजभर, रंजू देवी, अंनत राजभर की झोपड़ियां जल गईं। इन परिवारों का सारा घरेलू सामान और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। अजय राजभर की बाइक व शिवकुमार की एक भैंस भी आग में जल गई।
आग से रंजू देवी भी झुलस कर घायल हो गयी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती गयी। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। कामेश्वर राजभर की बेटी की शादी 29 अप्रैल को होनी है, लेकिन आग ने शादी की तैयारी का सारा सामान जला कर राख कर दिया। गांव में पहुंचे विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू व प्रधान बीरबहादुर सिंह ने पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री और आर्थिक मदद किया।
