बलिया में दूल्हे के फूफेरे भाई की हत्या, ग्रामीणों ने लगाया जाम

0

बलिया में दूल्हे के फूफेरे भाई की हत्या, ग्रामीणों ने लगाया जाम

पकड़ी थाना के मुजही गांव से सिकंदरपुर के चकखान गांव में आई थी बारात

बलिया। सिकंदरपुर बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी स्कूल के प्रांगण में रुकी बारात में शुक्रवार की रात अराजकतत्वों ने बारातियों व घरातियों की पिटाई कर दी। इसमें दूल्हे का सहबलिया बन फूफेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गए। इस मामले में दुल्हन के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, शनिवार की सुबह घराती व बारातियों ने सिकंदरपुर बस स्टैंड चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम समाप्त कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि पकड़ी थाना क्षेत्र के मुजही गांव से शुक्रवार की शाम सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चकखान गांव निवासी श्रीभगवान के बेटी की बारात आई हुई थी। बारात सिकंदरपुर बस स्टैंड स्थित एक निजी स्कूल के प्रांगण में रुकी थी। जहां चकखान गांव के करीब एक दर्जन युवक पहुंचे और किसी बात को लेकर कृष्णा राजभर 17 पुत्र जितेंद्र राजभर निवासी अठिलापुरा थाना रसड़ा एवं अन्य मोहित पुत्र अवधेश पर लाठी डंडे व फाइटर से हमला बोल दिया। इसमें कृष्णा की मौत हो गई। जबकि दूल्हा समेत घराती व बाराती के दर्जन भर घायल हो गए। मृतक दूल्हे के फुआ का लड़का बताया जा रहा है जो सहबलिया बनकर बारात में आया हुआ था।
घटना से आक्रोशित लोगों ने शनिवार की सुबह सिकंदरपुर बस स्टैंड चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने दुल्हन के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। इस बाबत सिकंदरपुर थानाध्यक्ष विकास चंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर पर चार नामजद एवं चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *