बलिया: डीएम ने शहीद रामदहिन ओझा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

0

बलिया: डीएम ने शहीद रामदहिन ओझा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

बलिया। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने मंगलवार को शहीद रामदहिन ओझा की पुण्यतिथि पर टीडी कॉलेज चौराहा पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
जिलाधिकारी ने शहीद रामदहिन ओझा मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा शहीद रामदहिन ओझा की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहीद रामदहिन ओझा को नमन कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कहा कि बलिया के इतिहास के बारे में विशेष कर 1942 के स्वतंत्रता आंदोलन के विषय में अध्ययन करने पर पता चला कि बलिया के थाने, सड़क एवं तहसील आदि स्थान ऐतिहासिक हैं। स्वतंत्रता संग्राम में बलिया का जो योगदान है, वह किसी से छिपा नहीं है। 1942 में जब बलिया आजाद हुआ तो पूरे लंदन तक तहलका मच गया था। अंग्रेजों के लिए बलिया बहुत ही चुनौती पूर्ण रहा। इसीलिए बलिया, बागी बलिया के रूप में प्रसिद्ध हुआ। बलिया वीरों की भूमि है, इस भूमि को नमन करता हूं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बलिया शहर में यातायात की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अनेक कार्य कराए जा रहे हैं। बलिया शहर में स्थित चौराहों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानी शहीद रामदहिन ओझा की प्रतिमा के ऊपर शेड बनवाने के साथ ही और विकसित किया जाएगा। कहा कि नगर पालिका परिषद की सीमा विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, ताकि बलिया शहर के विकास कार्य को और तेजी से कराया जा सके, इससे आमजन को और बेहतर सुविधाएं भी प्राप्त हो सकेंगी। बलिया शहर में अनेक कार्य कराए जा रहे हैं, आगामी दो-तीन माह में यह सभी कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेंगे।
इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन सहित अन्य गणमान्य रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *