बलिया में दो दिन बाद फिर डबल मर्डर, कोचिंग संचालक दंपत्ति की हत्या

बलिया में दो दिन बाद फिर डबल मर्डर, कोचिंग संचालक दंपत्ति की हत्या
मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
बलिया। सिकंदरपुर थाना के खरीद गांव में दो दिन पहले हुए डबल मर्डर का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि बदमाशों ने रविवार की रात खेजुरी थाना क्षेत्र के मासूमपुर गांव में कोचिंग संचालक दंपत्ति की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। राहगीर की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने इसकी सूचना 112 नंबर पुलिस को दी। इसके बाद खेजुरी थानाध्यक्ष समेत पुलिस अधीक्षक ओवमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अनिल कुमार झा समेत मौके पर पहुंच घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दंपत्ति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टरमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई राधेश्याम चौरसिया की तहरीर पर अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई राधेश्याम चौरसिया ने तहरीर में उल्लेख किया है कि वह तीन भाई है। तीनों भाइयों की मकान गांव के मुख्य मार्ग पर है। जहां छोटा भाई श्याम लाल चौरसिया 50 एवं उनकी पत्नी बासमति चौरसिया 45 अपने हिस्से के मकान में कोचिंग चलाते थे। जबकि घनश्याम चौरसिया गांव में रहते हैं। रविवार की रात करीब नौ बजे गांव के ही मंजय गोंड पुत्र स्व. रामप्रसाद ने बताया कि घर के सामने दो लोग गिरे पड़े हैं। इसके बाद मैं अपने भाई घनश्याम चौरसिया के साथ मौके पर पहुंचा तो देखा कि छोटा भाई श्याम लाल चौरसिया व भवह बासमति देवी खून से लथपथ जमीन पड़े हैं, जिनकी हत्या अज्ञात बदमाशों द्वारा किया गया है। इसके बाद 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खेजुरी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को बताया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। इस बाबत पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि रविवार की रात 112 को सूचना मिली की सड़क के किनारे दो शव पड़े हैं। जब खेजुरी व सिकंदरपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तो देखा कि श्याम लाल व उनकी पत्नी बासमति का शव है। इसमें मुकदमा दर्ज कर टीम गठित कर कार्रवाई की जा रही है। इसमें सर्विलास व स्वाट टीम भी लगाई गई है।
