बलिया में 1.40 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

बलिया में 1.40 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
बलिया। दुबहर पुलिस ने दो हेरोइन तस्कर को ग्राम चकिया के बारी जनाड़ी बन्धे पर स्थित हनुमान मन्दिर के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से 700 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जिसकी कीमत एक करोड़ 40 लाख रुपए बताई जा रही है। बुधवार को पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने इसका खुलासा किया।
एसपी ने कहा कि आरोपी अनिल सिंह जनपद शाहजहांपुर में हत्या के मामले में वर्ष 2011 में जेल में निरूद्ध था। वहीं इसकी मुलाकात हेरोइन तस्करी में निरूद्ध रांची झारखंड निवासी एक आरोपी से हुई। जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसी के माध्यम से अनिल सिंह रांची झारखण्ड से हेरोइन तस्करी के अपराध में लिप्त हो गया। जबकि आरोपी रिपुन्जय तिवारी जो वर्ष 2007 में हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास का दोषी है, जो जमानत पर है। अभी यह जिला बदर भी घोषित किया जा चुका है। जिसका समयावधि पूरी हो चुकी है। आपराधिक पृष्ठभूमि होने के कारण दोनों एक दूसरे के सहयोगी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
