बलिया में सब्जी मंडी हटाने को लेकर विक्रेताओं ने किया हंगामा, आश्वासन पर माने

0

बलिया में सब्जी मंडी हटाने को लेकर विक्रेताओं ने किया हंगामा, आश्वासन पर माने

बलिया। जिला प्रशासन द्वारा नगर के चित्तू पांडेय चौराहा स्थित सब्जी मंडी से सब्जी विक्रेताओं को हटाए जाने पर शुक्रवार को सब्जी विक्रेताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान हंगामा को शांत कराने में पुलिस भी हांफती नजर आई। इसके बाद एसडीएम ने वैकल्पिक जगह देने का आश्वासन दिया, तब जाकर सब्जी विक्रेता शांत हुए। वहीं वैकल्पिक जगह न मिलने तक सब्जी विक्रेताओं ने पुन: उसी जगह अपनी दुकानें लगाई, जहां वह वर्षों से लगाते चले आ रहे हैं।
बता दें कि चित्तू पांडेय चौराहे के पास दीवानी न्यायालय जबसे बनना शुरू हुआ, तब से कयास लगाया जा रहा था कि जब न्यायालय चालू हो जाएगा, तब यहां से सब्जी मंडी हट जाएगी। इसको लेकर इसके पूर्व भी कई बार दुकानदार और जिला प्रशासन के बीच नुराकुश्ती चली। इसी बीच बीते माह दीवानी न्यायालय का संचालन शुरू हो जाने के बाद वकीलों का बस्ता आवंटन भी शुरू हो गया। शुक्रवार को जब सब्जी मंडी हटाने के लिए जिला प्रशासन सख्त हुआ तो सब्जी विक्रेता लामबंद होकर हंगामा करने लगे। विक्रेता महिला—पुरूषों का कहना था कि आज दशकों से हम लोग यहीं पर सब्जी बिक्री कर अपना गुजर—बसर करते हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक जगह के हम लोग कैसे यहां से अपनी दुकानें हटा लें। इस दौरान काफी मान—मनौव्वल का भी दौर चला। अंतत एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही वैकल्पिक जगह दी जाएगी, तब जाकर दुकानदार मानें और पुन: उस जगह पर अपनी—अपनी सब्जी की दुकान खोलकर अपनी—अपनी रोजी—रोटी में लग गए। इस दौरान सब्जी मंडी परिसर में काफी गहमा—गहमी की स्थिति बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *