बलिया में कैबिनेट मंत्री के काफिले का वाहन बिजली पोल से टकरा गड्ढे में पलटा, छह घायल

बलिया में कैबिनेट मंत्री के काफिले का वाहन बिजली पोल से टकरा गड्ढे में पलटा, छह घायल
बलिया। खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुवान गांव के पास मंगलवार की देरशाम निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद के काफिले के संग चल रही एक गाड़ी पलट गयी। इसमें वाहन चालक समेत पांच महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हो गयी। सभी घायलों को काफिले में चल रहे अन्य लोगों द्वारा सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया गया। सभी घायलों की बेहतर इलाज के लिए मंत्री डॉ संजय निषाद अस्पताल परिसर में जमे रहे। इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को चिकित्सक ने जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पर एडिशनल एसपी अनिल झा, उपजिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी आशीष मिश्र, थानाध्यक्ष विकास चंद पाण्डेय समेत प्रशासनिक अमला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी में जुट गया।
बताया जाता है कि निषाद पार्टी प्रमुख द्वारा निकाला गया संवैधानिक अधिकार यात्रा देवरिया से सलेमपुर होते हुए बलिया के लिए निकला था।खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुवान गांव से कुछ दूरी पर महिला कार्यकर्ताओं को ले जा रही गाड़ी सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए गड्ढे में पलट गई। जब यह घटना घटी तो काफिला आगे निकल चुका था। यह गाड़ी सबसे पीछे थी लिहाजा घटना की जानकारी जब घायल लोगों ने अन्य लोगों को दिया तो आनन-फ़ानन में घायलों को काफिले के लोग खोजने लगे। थोड़ी देर बाद सड़क किनारे गड्ढे से सभी घायलों को निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया जहां खुद मंत्री ने अपनी देखरेख में घायलों का इलाज कराया।
घायलों में राकेश निषाद 24 पुत्र संजय निषाद ग्राम बनकट अहिरौला आजमगढ़, रामरति 50 पत्नी विजय निषाद ग्राम हसनपुरा जौनपुर, उषा 42 पत्नी जयप्रकाश ग्राम मलहनी जौनपुर, गीता 40 पत्नी अमरनाथ निषाद ग्राम तेजीबागर जौनपुर, इस्रावती निषाद 40 पत्नी राधे निषाद जनपद कुशीनगर, प्रेमशीला 28 पुत्री पवन कुमार सुल्तानपुर रही।
