बलिया में महिला थानाध्यक्ष बनी टीचर, पढ़ाया सुरक्षा का पाठ

बलिया में महिला थानाध्यक्ष बनी टीचर, पढ़ाया सुरक्षा का पाठ
बलिया। महिला सशक्तीकरण एवं महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को सिंहपुर चट्टी स्थित एक प्राइवेट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी कल्पना मिश्रा ने शिक्षक बनकर न केवल छात्राओं को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया, बल्कि महत्वपूर्ण बिदुओं पर जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक भी किया।
महिला थाना प्रभारी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों को समझना होगा। किसी भी स्थिति में आप कमजोर नहीं हैं। छात्राओं को इस दिशा में महती भूमिका निभाने की आवश्यकता है। खुद छोटी-छोटी बातों को लेकर सतर्क रहें और घर-परिवार की महिलाओं को भी जागरूक करें। उन्हें प्रेरित करें कि यदि किसी प्रकार की घटना उनके साथ हो रही है तो वह बर्दाश्त न करें, बल्कि इसका विरोध करें। जिससे अपराध पर अंकुश लग सके। कल्पना मिश्रा ने हेल्पलाइन 1090 वूमन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, 112 पुलिस हेल्प लाइन, 1098 चाइल्ड लाइन की जानकारी दी। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर इसकी सहायता लेने के लिए आह्वान किया। इस मौके पर मैनेजर डा. परवेज अंसारी, प्रधानाचार्य आफताब आलम, श्यामली, सुधा, शालवी,वैष्णवी, शिमरन आदि रहे।
