बलिया में घर के बाहर फंदे से लटकता मिला महिला का शव

बलिया में घर के बाहर फंदे से लटकता मिला महिला का शव
बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जलालीपुर नई बस्ती स्थित गांव में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव घर के बाहर फंदे से लटकता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के जलालीपुर गांव निवासी रीना शर्मा 40 पत्नी संतोष शर्मा अपने बच्चों के साथ कमरे में सोई थी। रोज की तरह वह सुबह उठकर कमरे से बाहर चली गई। काफी देर बीतने के बाद जब उसकी आहट नहीं मिली तो महिला का पति संतोष उसे छानबीन शुरू कर दिया। घर में बने अन्य कमरों में तलाशने पर भी नहीं मिली तो घर से बाहर निकल कर खोजना शुरू कर दिया, तभी घर से कुछ ही दूरी पर स्थित घूरा गुप्ता के अहाते की तरफ उसकी नजर गयी तो वह भौचक रह गया। अहाते की बाउंड्री से निकली छड़ में गमछे के सहारे रीना लटकी दिखी। शोर गुल के बाद परिजनों ने शव को नीचे उतारा। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर आशीष मिश्रा, एसएचओ विकास चन्द पाण्डेय, चौकी प्रभारी के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। मृतका की दो पुत्री व दो पुत्र हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मौके पर सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण भी रहे। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक सिकंदरपुर विकास चंद पाण्डेय ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
