बलिया में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को लेकर विभाग कर रहा लेटर लेटर का खेल

0

बलिया में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को लेकर विभाग कर रहा लेटर लेटर का खेल

ग्रामीण इलाकों में चप्पे चप्पे पर चल रहे हैं बिना मान्यता के स्कूल

बलिया। जिले में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग शासन के निर्देशों के बावजूद जरा भी गंभीर नहीं है। विभाग केवल लेटर लेटर का खेल कर रहा है। अभी ग्रामीण क्षेत्रों में चप्पे चप्पे पर बिना मान्यता के स्कूल चल रहे हैं। सूत्रों को मानें तो जिले में ऐसे स्कूलों की संख्या 500 से अधिक है जो विभाग की मिलीभगत से चल रहे हैं। जब भी इस बाबत शिकायत होती है तो बीएसए की ओर से खंड शिक्षा अधिकरियों के नाम से एक लेटर जारी कर कोरम कर दिया जाता है। एक बार फिर बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायती पत्रों के निस्तारण को लेकर खण्ड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है।
बीएसए ने कहा है कि भिन्न-भिन्न पत्रों, मासिक समीक्षा बैठक, साप्ताहिक बैठक एवं मौखिक रूप से बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों के सम्बन्ध में यह निर्देश दिया जाता रहा है कि समाचार पत्रों व जिलाधिकारी के माध्यम से प्राप्त बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों के सम्बन्ध में शिकायती पत्रों एवं अन्य श्रोतों से प्राप्त शिकायती पत्रों की जांच कर उसका त्वरित निस्तारण करते हुए अवगत कराना सुनिश्चित करें। लेकिन बिना मान्यता के संचालित स्कूलों के सम्बन्ध में जांच प्रक्रिया में रूचि नहीं दिखाई जाती है। इसके चलते प्रकरण का निस्तारण भी भी बाधित होता है।
बीएसए ने पत्र में उल्लेख किया है कि यदि आपके शिक्षा क्षेत्र से पुनः किसी भी प्रकार से बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों के सम्बन्ध में शिकायती पत्र प्राप्त होता है या उसके क्रम में अधोहस्ताक्षरी द्वारा या फिर किसी अन्य उच्चाधिकारी द्वारा आपके शिक्षा क्षेत्र का निरीक्षण किया जाता है और निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी आपकी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *