बारातियों को लेकर लौट रही पिकअप पेड़ से टकराई, एक की मौत, तीन घायल
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बेरूआरबारी- बांसडीह मार्ग स्थित देल्हुआ गांव के पास गुरूवार की सुबह बरातियों को लेकर लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य बराती घायल हो गये। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के मैरीटार गांव निवासी दीनबंधु पासवान के लड़के की बरात सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में बुधवार को गई थी और गुरूवार की सुबह बरात पिकअप से लौट रही थी। वापसी के दौरान पिकअप पर सवार होकर दीनबंधु का साढ़ू खेजुरी थाना क्षेत्र के विषहर गांव निवासी रामाश्रय पासवान 55 अन्य बरातियों के साथ मैरीटार जा रहे थे। जैसे ही देल्हुआ ईट भठ्ठे के पास पिकअप पहुँची कि अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। जिसके बाद पिकअप में सवार रामाश्रय पासवान सड़क पर गिर गया तथा पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मैरीटार गांव निवासी दीनबंधु पासवान 60, अर्जुन पासवान 25 तथा हरपुर गांव निवासी अनिल पासवान 35 घायल हो गए। इन सभी घायलों को पीएचसी बेरूआरबारी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरो ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक परिवार की घटनास्थल पर पहुंची महिलाएं व अन्य लोगों का रो- रोकर बुरा हाल था।
