बलिया में मना हिन्दी दिवस समारोह, 21 हिंदी साहित्य सेवियों को किया गया सम्मानित

0

बलिया में मना हिन्दी दिवस समारोह, 21 हिंदी साहित्य सेवियों को किया गया सम्मानित

बलिया। बलिया हिंदी प्रचारिणी सभा द्वारा शनिवार को टाउन हॉल के चलता पुस्तकालय में हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रारम्भ मुख्य अतिथि, साहित्यकार डॉ. रघुवंश मणि पाठक, डॉ. श्रीपति कुमार यादव, डॉ. गणेश पाठक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात् टीडी कॉलेज के संगीत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द उपाध्याय और उनकी टीम ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। उन्होंने अतिथियों के स्वागत के पश्चात् उनके सम्मान में स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया। शिवजी पाण्डेय रसराज द्वारा हिन्दी के विकास पर लिखित रचना अपना स्वर दिया। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। पहले सत्र में 75 वर्ष से अधिक की आयु के 21 हिंदी साहित्य सेवियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर ‘हिंदी भाषा गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में डॉ. जनार्दन राय, डॉ. रामबदन राय, डॉ. विश्राम यादव, डॉ. फतेहचंद बेचैन, डॉ. भोला प्रसाद आग्नेय, हैदर अली, अशोक जी, राधिका तिवारी, सुदेश्वर अनाम, आशुतोष सिंह आदि रहे। युवाओं में लेखक अतुल राय और रंगमंच कलाकार ट्विंकल गुप्ता को सम्मानित किया गया। डॉ. श्रीपति यादव, डॉ. जैनेन्द्र पाण्डेय, अशोक जी, डॉ. गणेश पाठक ने अपने अपने उद्बोधन में हिन्दी के वर्तमान और भविष्य पर प्रकाश डाला। सबने एक स्वर में इस बात का समर्थन किया कि हिंदी हृदय की भाषा तो है लेकिन इसे पेट की भी भाषा बनाना होगा। यानि हिंदी का उत्थान और विकास तब तक संभव नहीं है जब तक उसे रोजगार से न जोड़ा जाय। विद्यालय और कॉलेज स्तर पर हिंदी के उत्थान के लिए अलग से प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। संकल्प संस्था की ओर से प्रस्तुत रंग कविता ने सबका ध्यान आकर्षित किया। फ़ीनिक्स इण्टरनेशनल स्कूल के कक्षा – बारहवीं के बच्चों ने अपनी रंग कविता और लघु नाटिका के माध्यम से उपस्थित लोगों को राजभाषा हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिस्थापित करने हेतु दृढ़ संकल्पित किया। नाटक में बच्चों ने वर्तमान समय में हिंदी के साथ हो रहे दुर्व्यवहार एवं हिंदी की अपेक्षा अंग्रेजी को अधिक महत्व देने पर व्यंग्यों के माध्यम से एक बेहतर संदेश दिया। द्वितीय सत्र में जनपद के कवियों द्वारा काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन रंग कविता और लघु नाटिका प्रस्तुत करने वाले बच्चों को सम्मानित करके किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष ने जबकि संयोजन डॉ. राजेन्द्र भारती, शिवजी पाण्डेय रसराज एवं मोहन जी श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *