बलिया में श्रम विभाग ने पांच दुकानदारों को जारी किया नोटिस

बलिया में श्रम विभाग ने पांच दुकानदारों को जारी किया नोटिस
बलिया। बांसडीह कस्बा स्थित बड़ी बाजार में श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार को बाल श्रम के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान पांच दुकानों पर सात बच्चे काम करते मिले। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दुकानदारों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।बताया जाता है कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहाराम के नेतृत्व में सीडब्ल्यूसी, एएचटी, पुलिस और नव भारतीय नारी विकास समिति की संयुक्त टीम ने बांसडीह बड़ी बाजार में जांच अभियान चलाया। टीम ने मिठाई की तीन, एक कपड़े की और एक ऑटोमोबाइल की दुकान की जांच की। इन दुकानों पर सात बच्चे काम करते हुए पाए गए।श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। दुकानदारों की ओर से जवाब दाखिल किए जाने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।उधर, चेकिंग अभियान की जानकारी पर चेयरमैन सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों का पक्ष रखते हुए अधिकारियों को बताया कि कोई बच्चा घर की आर्थिक मजबूरी के कारण काम करता तो इसमें गलत क्या है। इस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि नियम-कानून का पालन कराना जरूरी है।
