बलिया में बिना जानकारी के खाते से निकले 1.53 लाख, पुत्र व बैंककर्मियों पर आरोप
बलिया में बिना जानकारी के खाते से निकले 1.53 लाख, पुत्र व बैंककर्मियों पर आरोप
बलिया। बांसडीह कस्बा के वार्ड नंबर 14 निवासी विजय पासवान के एसबीआई बैंक खाते से 1.53 लाख 608 रुपये की निकासी बिना उनकी जानकारी ही निकाले जाने का मामला सामने आया है। विजय ने बगैर आवेदन एटीएम कार्ड जारी करने और खाते का मोबाइल नंबर बदलकर पैसा निकालने के लिए अपने पुत्र और बैंककर्मियों पर आरोप लगाते हैं पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।बताया जाता है कि विजय पासवान का बांसडीह स्थित स्टेट बैंक में बचत खाता है। उनका आरोप है कि उन्होंने एटीएम कार्ड के लिए कोई आवेदन नहीं किया था। इसके बावजूद उनके खाते से संबंधित एटीएम कार्ड जारी कर दिया गया। आरोप है कि खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदलकर एटीएम कार्ड जारी कराया गया और इसके बाद महज चार दिनों के अंदर खाते से एक लाख 53 हजार 608 रुपये निकाल लिए गए।विजय ने अपने पुत्र पर बैंककर्मियों से मिलीभगत कर खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराने और एटीएम कार्ड जारी कराकर पैसा निकालने का आरोप लगाया है। विजय के अनुसार बीते 17 अक्टूबर को वह खाते से रुपये निकालने बैंक पहुंचे तो खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद खाते का विवरण निकलवाने पर पैसा निकासी किए जाने की जानकारी मिली। विजय ने बैंककर्मियों की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए एटीएम कार्ड जारी करने, मोबाइल नंबर बदलने और खाते से हुई निकासी की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। इस बाबत बांसडीह प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है।
