बलिया में बाईक लूटेरा गिरोह का खुलासा, चार लूटेरे गिरफ्तार

बलिया में बाईक लूटेरा गिरोह का खुलासा, चार लूटेरे गिरफ्तार
बलिया। स्वाट, सर्विलांस और भीमपुरा पुलिस ने बाइक लूटने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से रसड़ा व भीमपुरा क्षेत्र से में लूटी गई बाइक के पार्ट्स बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने लूटी गई बाइक के पार्ट खोलकर बेचने की बात स्वीकार की।
बताया जाता है कि भीमपुरा थाना क्षेत्र के टिकुलिया के पास बीते 17 अक्तूबर की रात बाइक सवार पिता-पुत्र को रोककर बदमाशों ने मारपीट कर उनकी बाइक लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस टीम नहर कालोनी बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्वाट प्रभारी अजय साहनी और सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव की टीम भी मौके पर पहुंची। मुखबिर ने सूचना दी कि टिकुलिया में बाइक लूटने वाले बदमाश दो बाइकों से पुराचट्टी की ओर से सिकरिया की तरफ आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। सामने से दो बाइक आती दिखाई दीं। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार पीछे मुड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव निवासी ताड़ीबड़ागांव थाना नगरा, राजेश यादव निवासी कसेसर थाना भीमपुरा, आशीष यादव उर्फ गोलू यादव निवासी शिवपुर मठिया थाना भीमपुरा और प्रिसं यादव निवासी रौकलपुर थाना भीमपुरा के रूप में हुई। बाइक खोलकर खेत में छिपा दिए थे पार्ट तलाशी के दौरान दोनों बाइकों से दो बोरियां मिलीं। इनमें रीम लगे मोटरसाइकिल के दो पहिए बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 अक्तूबर की रात टिकुलिया के पास लूटी गई बाइक को पालचंद्रहा गांव के पास खेत में ले जाकर उसके पार्ट अलग कर दिए थे। बैटरी और दोनों हब उनके गाजीपुर निवासी साथी अभिषेक और मंटू लेकर चले गए थे। दोनों पहिए आरोपियों ने निकाल लिए थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि दूसरी बाइक को 13 अक्तूबर को गाजीपुर निवासी अपने साथियों अभिषेक और मंटू की मदद से रसड़ा क्षेत्र से लूटा था। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट, डिग्गी और लेग गार्ड निकालकर अलग कर दिए गए थे। पुलिस की जांच में यह बाइक रसड़ा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे की निकली।
।
