बलिया सीडीओ ने प्रभारी दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी को जारी किया कारण बताओ नोटिस, सुबह शाम हाजिरी का निर्देश

बलिया सीडीओ ने प्रभारी दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी को जारी किया कारण बताओ नोटिस, सुबह शाम हाजिरी का निर्देश
एनइंडिया न्यूज़ 24 की खबर का असर
बलिया। जिले के सीडीओ आलोक कुमार ने प्रभारी दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी पारस नाथ यादव पर नकेल कसते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्धारित तीन दिन उनके कार्यालय में सुबह ऑफिस आने और दफ्तर बंद होने पर जाने के समय हाजिरी लगाने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने तीन दिनों मे स्पष्टीकरण नहीं देने पर अनुशासनिक कार्रवाई हेतु शासन को संस्तुति प्रेषित करने की चेतावनी भी दी है। एनइंडिया न्यूज़ 24 ने बीते माह “बलिया के दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी की मनमानी, दिव्यांगों की बढ़ी परेशानी” शीर्षक से खबर प्रसारित किया था। सीडीओ ने पत्र की प्रति निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, लखनऊ के अलावा जिलाधिकारी बलिया, जिलाधिकारी गाजीपुर व मुख्य विकास अधिकारी, गाजीपुर को भेजा है।
सीडीओ ने प्रभारी दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी पारस नाथ यादव को पत्र जारी किया है। पत्र में उल्लेख किया है कि इस कार्यालय के पत्रांक-215 / वैय० सहा० (मु०वि०अ०) स्पष्टीकरण / 2026-27 दिनांक सितम्बर 10, 2026 का संदर्भ ग्रहण करें। जिसके द्वारा एन इण्डिया न्यूज 24 में प्रकाशित समाचार शीर्षक “बलिया के दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी की मनमानी, दिव्यांगों की बढ़ी परेशानी” तथा प्रत्येक सप्ताह सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को जनपद में बलिया में उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का सम्पादन नहीं किये जाने, जनपद बलिया उपस्थित रहने का दिवस निर्धारण आदेश निर्गत नहीं किये जाने और अपने कक्ष के सम्मुख दिवस व समय अंकित नहीं किये जाने के संबंध में आपको कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया था। लेकिन आप द्वारा अभी तक अपना स्पष्टीकरण अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध नहीं कराया गया है।प्रायः यह देखा जा रहा और शिकायत प्राप्त हो रही है कि आपके द्वारा प्रत्येक सप्ताह सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को जनपद बलिया में उपस्थित रहकर जनसुनवाई एवं शासकीय कार्यो का सम्पादन नहीं किया जा रहा है और न ही जनपद बलिया में उपस्थित रहने का दिवस निर्धारण आदेश अब तक निर्गत नहीं किया गया है और न ही अपने कक्ष के सम्मुख अंकित किया गया है। यह स्थिति कदापि उचित नहीं है तथा अपने पदीय दायित्वों / शासकीय कार्यों के प्रति घोर लापरवाही का प्रतीक है।अतः आपको निर्देशित किया जाता है कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को जनपद बलिया में प्रातः 10 बजे अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में उपस्थित होकर उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के पश्चात् अपने कार्यालय में बैठकर शासकीय कार्यों का सम्पादन करें तथा सायं में भी उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद ही कार्यालय से जाएं। साथ ही उक्त के संबंध में अपना स्पष्टीकरण साक्ष्य सहित अधोहस्ताक्षरी को पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के अन्दर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें अन्यथा आपके विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही हेतु शासन को संस्तुति प्रेषित कर दिया जायेगा, जिसके लिये आप स्वयं उत्तरदायी होगें।
