वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चौधरी दिनेश चंद्र राय ने ठोकी ताल, किया नामांकन

वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चौधरी दिनेश चंद्र राय ने ठोकी ताल, किया नामांकन
वाराणसी/बलिया। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन में चुनावी मुकाबला बहुत ही दिलचस्प होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अधिकृत प्रत्याशी चौधरी दिनेश चंद्र राय ने सोमवार को इस निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। श्री राय मुहम्मदाबाद से समर्थकों के साथ गाड़ियों के काफिले में बनारस पहुंचे। कचहरी परिसर में उनके पहुंचते ही समर्थकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और जीत के संकल्प के साथ माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया।नामांकन के बाद मीडिया से श्री राय ने कहा कि उनकी यह लड़ाई व्यवस्था में उपेक्षित तबके के सम्मान और अधिकारों की है। वे पिछले कई महीनों से क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। बता दें कि चौधरी दिनेश चंद्र राय हमेशा से वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय, सेवा सुरक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, निजी क्षेत्र में कार्यरत स्नातकों के हितों एवं रोजगार सुरक्षा और शिक्षकों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाते रहे हैं।श्री राय की जमीनी पकड़ के चलते इस बार वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।
