बलिया: ट्रैक्टर मालिक को गोली मारने के दो आरोपी गिरफ्तार

बलिया: ट्रैक्टर मालिक को गोली मारने के दो आरोपी गिरफ्तार
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के मांझी पुल चेकपोस्ट के पास शुक्रवार की रात ट्रैक्टर मालिक पर गोली मारने के दो आरोपियों को फायरिंग के पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रितेश यादव की हत्या की नीयत से फायरिंग करने की बात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार रितेश यादव पुत्र दयाशंकर यादव निवासी छोटका बैजू टोला, सिताबदियारा शुक्रवार की रात बिहार में आलू बेचकर ट्रैक्टर मालिक बबलू गुप्ता निवासी लीला छपरा वार्ड नम्बर चार के साथ गांव आ रहा था। जैसे ही वह मांझी पुल चेकपोस्ट के पास पहुंचा कि दो बाइक पर पांच लोगों ने ट्रैक्टर को रोक लिया और रितेश को जान से मारने की नीयत से गोली चला दिया। संयोग से वह गोली रितेश को न लगकर ट्रैक्टर मालिक बबलू गुप्ता को जा लगी। इस मामले में बैरिया पुलिस ने घायल के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। इसी क्रम में शनिवार की रात बैरिया पुलिस ने चांददियर निवासी रमाशंकर यादव पुत्र लक्ष्मण यादव व दयाशंकर यादव उर्फ टुन्नू पुत्र राजनाथ यादव को गिरफ्तार किया। उनके पास से तमंचा, कारतूस व एक मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जयराम यादव की बहन के साथ रितेश यादव ने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। इससे गांव और खानदान की बदनामी होने की बात कहते हुए दोनों ने रितेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत बिहार से ट्रैक्टर लेकर लौट रहे रितेश को मांझी पुल के पास गोली मारी गई, लेकिन निशाना चूकने से गोली उसके साथ बैठे व्यक्ति को लग गई।
