बलिया : जेएनसीयू का दीक्षांत समारोह, राज्यपाल की रहेगी मौजूदगी

बलिया: जेएनसीयू का दीक्षांत समारोह, राज्यपाल की रहेगी मौजूदगी
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को दिए गए निर्देश
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह सात अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने समारोह की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की और सभी को जरूरी निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे अपनी टीम लगाकर आज शाम तक विश्वविद्यालय परिसर सहित संबंधित क्षेत्रों की साफ-सफाई का कार्य पूर्ण कराएं। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को कुंवर सिंह चौराहा से एनसीसी तिराहा तक साफ सफाई कार्य सुनिश्चित कराने को कहा गया। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राज्यपाल के मार्ग की सड़कों की मरम्मत कार्य तत्काल प्रभाव से कराया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि राज्यपाल के कार्यक्रम के मद्देनजर सभी रूट्स पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने की बात कही। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां आज ही पूरी कर ली जाएं ताकि किसी प्रकार की समस्या न हो। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा समेत कई अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बता दें कि समारोह में कुल 19560 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जायेगी। जिसमें स्नातक के 15878 और परास्नातक के 3682 विद्यार्थी सम्मिलित हैं। उपाधि प्राप्त करने वालों में 62% छात्राएं हैं जबकि छात्रों की संख्या मात्र 38% है। 12143 छात्राओं और 7417 छात्रों को उपाधियाँ दी जायेंगी। स्नातक में 60% जबकि परास्नातक में 72% छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। इस वर्ष 19 विद्यार्थियों को पी-एच. डी. की उपाधि प्रदान की जा रही है, जिसमें 13 छात्र एवं 6 छात्राएं हैं। 43 विद्यार्थियों को कुल 44 स्वर्ण पदक प्रदान किये जायेंगे। 1 विद्यार्थी शामिया खातून को उर्दू विषय में स्वर्ण पदक के साथ पूरे विश्वविद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए कुलाधिपति पदक (चांसलर मेडल) भी दिया जायेगा। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वालों में छात्राओं की संख्या 34 और छात्रों को संख्या 9 है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को 300 किट भी प्रदान किया जायेगा, जिसमें 200 किट जिला प्रशासन और 100 किट विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा।
