बलिया में एचटी करंट की चपेट में आने से संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत

0

बलिया में एचटी करंट की चपेट में आने से संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत

बलिया। दुबहर थाना के कछुआ गांव में गुरुवार की रात करीब बिजली बनाते समय एचटी करंट की चपेट में आने से संविदाकर्मी लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन- फानन में उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार की सुबह गांव के लोग परिजनों के साथ दुबहर थाने पहुँच बिजली विभाग के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
बताया जाता है कि दुबहर निवासी रिंकू कुमार यादव 24 पुत्र त्रिलोकी यादव विद्युत वितरण खण्ड चतुर्थ अंतर्गत बिजली विभाग में संविदा के पद पर तैनात था। गुरुवार की रात करीब आठ बजे क्षेत्र के उग्रसेनपुर स्थित कछुआ गांव में पोखरा के पास खंभे पर चढ़कर बिजली बना रहा था, तभी अचानक बिजली आ गई और वह करंट की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह गांव व इलाके के लोग परिजनों के साथ दुबहर थाने पहुँच बिजली विभाग के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। दुबहड़ थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने ग्रामीणों के साथ वार्ता कर उनकी मांगों के संदर्भ में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। कुछ देर बाद एसडीएम सदर आत्रेय मिश्रा, सीओ सिटी श्यामकांत थाने पर पहुंच गए। उन्होंने भी ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें समझाया बुझाया। अधिकारियों के बुलाने पर थाने पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता मूलचंद शर्मा, एसडीओ विवेक कुमार वर्मा और अवर अभियंता अनिल कुमार यादव एवं ग्लोब टेक कंपनी के सर्किल हेड पीयूष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। जहां मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों के बीच अधिकारियों की लंबी वार्ता के बाद बिजली विभाग की ओर से एक महीने के अंदर मृतक के परिजनों को साढ़े सात लाख रुपये मुआवजा एवं ग्लोब टेक कंपनी से मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन एवं उसके भाई को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। बिजली विभाग के अधिकारियों ने तत्काल अपने तरफ से मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए पच्चीस हजार की नगद धनराशि उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों का आरोप था कि दुबहर विद्युत उपकेंद्र पर अनैतिक कार्य किये जा रहे हैं। वहां किसी जिम्मेदार कर्मचारी का ना होना, मनमानी तरीके से उपकेंद्र चलाना एवं शटडाउन के नाम पर पैसे की वसूली अक्सर किया जा रहा हैं। ग्रामीणों ने कहा कि दुबहड़ उपकेंद्र की स्थिति को तत्काल सुधारा जाए । बिजली विभाग के प्रति ग्रामीणों का आक्रोश देखकर बिजली विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया । अंत में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया। इसके बाद परिजन शव के अंत्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचे। इस मौके पर दुबहर के प्रधान प्रभात पांडेय, पूर्व प्रधान बिट्टू मिश्रा, पिंटू सिंह, राहुल सिंह, धनु पांडेय, नितेश सिंह, ऋषि पाण्डेय, लकी सिंह, कल्याण सिंह, संजीत सिंह आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *