बलिया में मां ने मासूम की ली जान
बलिया में मां ने मासूम की ली जान
बलिया। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर मोहल्ले में शनिवार की सुबह एक मां ने अपने 10 माह के बच्चे को छत से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां को हिरासत में ले लिया। बच्चे की मौसी मासूम को जिला अस्पताल ले गई।ल जहाँ चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस में रखवा दिया।
बताया जाता है कि मासूम की मां अपने मायके कृष्णानगर में ही रह रही थी। घरेलू कलह के कारण महिला ने अपने बच्चे को छत से नीचे फेक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की मां शोभा देवी निवासी कृष्णानगर ने कोतवाली में दिए तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरी दो बेटी में से छोटी बेटी अंजू ने पड़ोस के गोलू गोंड से शादी कर लिया था। वह करीब दो वर्ष से मेरे यहाँ आकर रह रही थी। जबकि बड़ी बेटी मनीषा पत्नी सुरेश निवासी अखार करीब दो माह से रह रही थी। शनिवार को अंजू का बड़ी बहन के साथ घरेलू काम को लेकर झगड़ा हुआ। मोहल्ले के लोगों ने झगड़े को सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन अंजू ने समझने के बजाय घर के सभी सदस्यों को फंसाने की धमकी देते हुए अपने 10 माह के मासूम को छत से गुस्से में नीचे फेंक दिया। जिससे मासूम की मौत हो गई। इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। संयोग से बचा लिया गया। पुलिस आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
