बलिया: धन दोगुना करने का लालच दे महिलाओं से की लाखों की लाखों की ठगी

0

बलिया: धन दोगुना करने का लालच दे महिलाओं से की लाखों की लाखों की ठगी

बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के बलुआ बंगला, रामपुर भोज की रहने वाली कई महिलाओं के साथ शुक्रवार को एक बर्तन बेचने वाली महिला ठगी ने लाखों की ठगी की। इस दौरान घर के अधिकांश पुरुष बाहर गए हुए थे।पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुट गई।
गड़वार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर भोज के बलुआ, बंगला की रहने वाली महिलाओं ने बताया कि ठग महिला ने बातों ही बातों में बर्तन बेचने के बहाने तमाम स्कीम के बारे में बताया। इसमें जेवर व पैसा दोगुना होने का भी लालच दिया। गांव की महिलाएं ठग महिला की बातों में आ गई तथा अपने कीमती गहने लाकर उसे दे दिया। ठग महिला ने कहा कि वह शाम को तीन बजे आएगी और सबके जेवर आदि दूना कर लौटा देगी। जब वह शाम पांच बजे तक नहीं आई तो गांव की महिलाओं को शक हुआ। उन्होंने आपस में पूछताछ शुरू की तथा धीरे-धीरे परिजन को भी बताया। परिजनों ने उक्त महिला की छानबीन की, लेकिन वह गहने लेकर फरार हो चुकी थी। ठगी की शिकार महिलाओं ने बताया कि बीते तीन-चार दिनों से एक अज्ञात महिला गांव में पुराने बर्तन बदलकर नए बर्तन देती थी। शुक्रवार को कुछ सोने के जेवरात लेकर आई और कहने लगी कि आप सभी अपने-अपने सोने एवं चांदी के आभूषण दे दीजिए। इसके बदले में आप लोगों को आभूषण के साथ ही उसकी कीमत से दोगुना पैसा दूंगी। वहीं उसने उन महिलाओं को विश्वास में ले लिया और तीन बजे शाम तक देने का वादा किया। हम महिलाएं उसके झांसे में आकर अपना सारा आभूषण उस महिला को सौंप दिया और दिए समय तक बेसब्री से इंतजार करने लगी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। सभी पीड़ित महिलाएं शुक्रवार की रात करीब आठ बजे थाने पहुंची और तहरीर दी। इस बाबत थानाध्यक्ष मूलचंद चौरसिया ने बताया कि आसपास के थानों में महिला को चिह्नित करने के लिए सूचना दे दी गई है। उसे पकड़ने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *