बलिया में अराजकतत्वों ने भगवान महावीर की मूर्ति को किया खंडित, पुलिस जुटी कार्रवाई में

बलिया में अराजकतत्वों ने भगवान महावीर की मूर्ति को किया खंडित, पुलिस जुटी कार्रवाई में
बलिया। सिकंदरपुर क्षेत्र के गोलाबाजार स्थित महावीर मंदिर में शुक्रवार की शाम बजरंगबली की मूर्ति को खंडित करने का मामला प्रकाश में आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। उधर, घटना की जानकारी होते ही हिंदूवादी संगठन के लोगों के साथ ही भाजपा जिला महामंत्री प्रयाग चौहान मंडल अध्यक्ष सिकंदरपुर आकाश तिवारी सहित भारी भीड़ जमा हो गई। मौक़े पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी।
बताया जाता है कि महावीरी झण्डा के दौरान निकलने वाला शत्रुघ्न अखाडा के बजरंगबली की मूर्ति महावीरी झंडा के बाद गोला बाजार में स्थित मंदिर में रख दिया जाता है। प्रतिदिन मोहल्ले के लोग पूजा पाठ करते रहते हैं। शुक्रवार की शाम को अराजक तत्व द्वारा महावीर जी की गदा व मूर्ति को खंडित कर दिया गया। जानकारी होने पर भारी संख्या में लोग मंदिर पहुंच गए। खंडित मूर्ति को देखकर लोगों का आक्रोश बढ़ने लगा। आरोप है कि माहौल बिगाड़ने के लिए शरारती तत्वों ने मूर्ति तोड़ी है। वही हिंदू संगठनो के लोग भी मंदिर के पास पहुंच गए और अराजकतत्व को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। मामला बढ़ता देख घटनास्थल पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि गोला बाजार मंदिर लगभग 40 साल पुराना है। आसपास के लोग रोज इस मंदिर में पूजापाठ करते हैं। पुलिस ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करे। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष विकास चंद पाण्डेय, चौकी इंचार्ज ज्ञान प्रकाश तिवारी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
