बलिया के सुरहाताल में साइबेरियन पक्षियों का हो रहा शिकार, जिम्मेदार मौन

बलिया के सुरहाताल में साइबेरियन पक्षियों का हो रहा शिकार, जिम्मेदार मौन
विदेशी मेहमान परिंदों पर शिकारियों की है कुदृष्टि
बलिया। सुरहाताल में कीट -पतंगों में जहरीला पदार्थ मिलाकर साइबेरियन पक्षी सहित अन्य प्रवासी पक्षियों का शिकार इन दिनों खूब हो रहा है। कारण कि बाजार में ऊंचे दामों पर इनकी बिक्री हो रही है। ठंड में आ रहे विदेशी मेहमान परिंदों पर शिकारियों की कुदृष्टि होने के बाद भी जिम्मेदार खामोश हैं।
बता दें कि ठंड में सुरहाताल की वादियां साइबेरियन पक्षियों के कलरव से गुलजार रहती हैं। विदेशी परिंदों के आने का सिलसिला जारी है, यही वजह है कि इसे बर्ड सेंक्चुरी भी कहते हैं। लेकिन इस समय पक्षी पर कुदृष्टि रखने वाले शिकारी भी सक्रिय हो गए हैं जो बेजुबानों को कत्लेआम कर रहे हैं। प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी पक्षियों का अवैध कारोबार बढ़ने लगा है। शिकारी कीट-पतंगों में जहरीला पदार्थ मिलाकर पक्षियों को अचेत कर देते हैं और ऊंचे दामों पर बिक्री कर देते हैं। इस समय सुरहाताल क्षेत्र में लग्जरी गाड़ियों से लोग पक्षियों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। पक्षियों के शिकार पर रोक लगाने में वन विभाग भी असहाय बना हुआ है। यहां निगरानी करना बहुत मुश्किल है। सुरहाताल में टीका, लालसर, जांघिल, सारस व अन्य पक्षी यहां आकर्षण का केंद्र रहते हैं, जिन पर शिकारियों की निगाहें हैं। यहां जिंदा पक्षी पांच सौ से एक हजार रुपये तक बेची जाती है। इस बाबत जिला वन अधिकारी विमल आनंद ने बताया कि सुरहाताल विशाल क्षेत्रफल में फैला है। इस समय गस्त बढ़ा दी गई है, पक्षियों के शिकार जैसी कोई बात नहीं है। जिन इलाकों से शिकायतें आ रहीं हैं वहां जाकर जांच-पड़ताल की जाएगी।पक्षियों का शिकार करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इन इलाकों में ज्यादा हो रहा शिकार
बलिया। पक्षियों की रखवाली के लिए काशी वन्य जीव प्रभाग वाराणसी द्वारा लोगों को रखा गया है, लेकिन विशाल सुरहाताल में व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। सबसे ज्यादा मैरिटार, कैथवली, बसंतपुर, शिवपुर, ओझा के डेरा की तरफ पक्षियों का शिकार किया जा रहा है।
