बलिया रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0

बलिया रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बलिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं पूजा स्पेशल गाड़ियों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने सोमवार को वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री बाहुल्य स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अपने निरीक्षण स्पेशल से बलिया स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को की गई व्यवस्थाओं के साथ विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छठ पूजा के मद्देनजर निर्मित यात्री आश्रय केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध विद्युत प्रकाश, पंखे, शुद्ध पेयजल, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा बूथ तथा गाड़ियों के आवागमन से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सूचनाओं के प्रसारण के लिए जन उद्घोषणा प्रणाली एवं वीडियो पैनलों की व्यवस्था का जायजा लिया।डीआरएम ने यात्री आश्रय केंद्र में अतिरिक्त मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट लगाने तथा छठ पूजा के दौरान यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी देने के लिए उपयुक्त स्थानों पर बैनर एवं पोस्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी यात्री सुविधाओं का सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने को भी दिशा-निर्देश दिए।इसके पश्चात उन्होंने बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ की निरंतर निगरानी के लिए 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने बलिया स्टेशन पर भगदड़ एवं आगजनी जैसी अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता, प्लेटफार्मों पर स्पष्ट सीमांकन एवं समुचित बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 24 घंटे शिफ्टवार रेलवे अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने बलिया स्टेशन पर यात्रियों की सहायता के लिए स्थापित सहायता बूथ को अलग-अलग शिफ्टों में चौबीसों घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए। यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए उन्होंने टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने तथा अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम एवं एमयूटीएस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत गाड़ियों के प्लेटफार्म पूर्व निर्धारित रखने, सभी प्लेटफार्मों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी करने तथा पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं स्पष्ट सीमांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मोबाइल टिकटिंग एवं एटीवीएम/एमयूटीएस के माध्यम से स्वयं टिकट प्राप्त करने की सुविधा के उपयोग को प्रोत्साहित करने, यात्रियों को कतारबद्ध रखने तथा फुट ओवर ब्रिजों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शेष बचे निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।इस मौके पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानन्द, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ, सहायक मंडल इंजीनियर धर्मेन्द्र केन, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक सिंह आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *