बलिया में युवक ने गंगा में लगाई छलांग, खोजबीन जारी

बलिया में युवक ने गंगा में लगाई छलांग, खोजबीन जारी
बलिया। दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी युवक ने शुक्रवार को घर से नाराज होकर जनेश्वर मिश्र सेतु से गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख उसके मामा के लड़के ने रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी।
बताया जाता है कि नगवा गांव निवासी नसीम अंसारी (36) पुत्र अनवर अली शुक्रवार को घर से नाराज होकर निकल गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान वह जनेश्वर मिश्र सेतु पर पहुंच गया, जहां उसका मामा का लड़का भी मौजूद था। इसी बीच उसने गंगा नदी में छलांग लगा दी। उसे रोकने के लिए काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना।
घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय गोताखोरों और फ्लड रिलीफ पीएसी को सूचना देकर खोजबीन शुरू कराई। घटना के बाद से परिजन चिंतित हैं और उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल गंगा नदी में युवक की तलाश जारी है।
