बलिया: बेल्थरारोड तहसील में अचानक धमके डीएम, रजिस्ट्रार कानूनगो को नोटिस

बलिया: बेल्थरारोड तहसील में अचानक धमके डीएम, रजिस्ट्रार कानूनगो को नोटिस
*देर से आने वाले कर्मचारियों का वेतन रोकने का निर्देश*
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को तहसील बेल्थरारोड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए अभिलेखों, लंबित फाइलों और कर्मचारियों की कार्यशैली की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खतौनी की नकल जारी किए जाने की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 281 खतौनी जारी की गई हैं। खतौनी रजिस्टर की जांच करते हुए उन्होंने नाजिर को निर्देश दिया कि खतौनी से प्राप्त धनराशि का प्रतिदिन अद्यतन किया जाए तथा किसी भी दशा में 15 रुपये से अधिक शुल्क न लिया जाए। लेखपालों के साथ बैठक में उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के प्रगति की समीक्षा की। कई ब्लॉकों में फार्मर रजिस्ट्री लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित लेखपालों को 15 मार्च तक सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वरासत के मामलों में लापरवाही पर भी उन्होंने असंतोष जताते हुए कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी को शिकायत मिली थी कि तहसील कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं आते और समय से पहले चले जाते हैं। इस पर उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिया कि प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। समय पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाए। तहसीलदार कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने धारा 34 की फाइलों की समीक्षा की, जिसमें 67 पुरानी फाइलें लंबित मिलीं। उन्होंने पांच वर्ष से अधिक पुरानी फाइलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसडीएम कार्यालय कक्ष और अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए फाइलों के अव्यवस्थित रख-रखाव पर नाराजगी जताई। रजिस्ट्रार कानूनगो रविन्द्र कुमार को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। फौजदारी से संबंधित धारा 145 एवं 133 की पुरानी फाइलों के शीघ्र निस्तारण का भी आदेश दिया गया। कार्यालय में प्रकाश व्यवस्था सुधारने, खराब लैपटॉप को कंडम करने तथा आवश्यक फर्नीचर के लिए डिमांड लेटर भेजने के निर्देश दिए गए। मतदाता फार्म-6 और वोटर लिस्ट के बेतरतीब पाए जाने पर संबंधित कर्मियों को नोटिस जारी करने को कहा गया। बंद पड़े नए शौचालय को तत्काल चालू कराने का निर्देश दिया गया। तहसील परिषद परिसर में स्थित पशु चिकित्सा विभाग की जमीन को खाली कराकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की बात कही गई। पुराने जनरेटर को नीलाम करने तथा निलंबन कार्यालय को तहसील परिसर से बाहर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में एसडीएम बेल्थरारोड, तहसीलदार आदि रहे।
