बलिया: डीएम ने वरासत में लापरवाही पर कानूनगो व लेखपाल को निलंबित करने का दिया निर्देश

बलिया: डीएम ने वरासत में लापरवाही पर कानूनगो व लेखपाल को निलंबित करने का दिया निर्देश
सिकंदरपुर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस में167 शिकायतें आईं, 12 का मौके पर निस्तारण
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सिकंदरपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश संबंधित विभागों को दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक शिकायतकर्ता द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि वरासत के लिए माह नवंबर 2025 में आवेदन किया गया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद अब तक वरासत नहीं की गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कानूनगो रामपूजन राम एवं लेखपाल संतोष पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वरासत से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। समाधान दिवस के दौरान राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा एवं भूमि विवाद से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। इस अवसर पर कुल 167 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और समस्याओं का समाधान तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————
डीएम ने लिया तहसील सिकंदरपुर का जायजा, सामने आई अव्यवस्थाएं, अधिकारियों को लगाई फटकार
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को तहसील सिकंदरपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्थित तालाब का अवलोकन किया। तालाब की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्होंने नगर पालिका सिकंदरपुर को तालाब के सुंदरीकरण, नियमित जलभराव तथा चारों ओर सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तहसील परिषद परिसर में स्थित तालाब के समीप खाली पड़ी भूमि पर आमजन के उपयोग हेतु पार्क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू कराने को कहा। जिलाधिकारी ने तहसील के अंदर आने-जाने वाली सड़क की स्थिति का भी जायजा लिया और सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर में स्थित उप कोषागार कार्यालय में उप निबंधन कार्यालय को शिफ्ट करने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने ग्राम न्यायालय का भी निरीक्षण किया, जहां शौचालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम न्यायालय परिसर में संचालित कैंटीन को नीलामी के माध्यम से हटाकर वहां अन्य कार्यालय शिफ्ट करने को कहा। तहसील परिसर में चारों ओर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और नगर पालिका सिकंदरपुर को 15 दिन तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर तहसील परिसर को साफ-सुथरा बनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने तहसील गेट के सामने लगे जनरेटर को तहसील सभागार के पीछे शिफ्ट कराने तथा तहसील परिषद में विद्युत विभाग द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने न्यायालय कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अलमारियों में रखी फाइलों का रखरखाव अव्यवस्थित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फाइलों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने तथा अभिलेखों का सही रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तहसील परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
